BILASPUR NEWS. तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत आरपीएफ कॉलोनी के पास रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य में लगे गोदाम की रखवाली करने वाले सुपरवाइजर की हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बिहार के आरा जिले के रहने वाले नरेश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो वर्षों से बिलासपुर में रहकर सुपरवाइजर के साथ-साथ चौकीदार का काम कर रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और तोरवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं।

CCTV में हथौड़ा लिए दिखा युवक
पुलिस की जांच में घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। फुटेज में करीब 25 से 30 वर्ष का एक संदिग्ध युवक हाथ में हथौड़ा लेकर घटनास्थल की ओर जाता दिखाई दे रहा है। हालांकि हत्या का दृश्य कैमरे में कैद नहीं हुआ है, लेकिन वारदात के दौरान पीड़ित की चीखें CCTV फुटेज में रिकॉर्ड हुई हैं।

सुबह लेबर ने दी हत्या की खबर
रेलवे ठेकेदार अनिल सिंह ने बताया कि नरेश कुमार रात में गोदाम का ताला बंद कर सोया था। सुबह करीब 9:30 बजे मजदूरों के माध्यम से उन्हें नरेश की हत्या की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि जिस परिसर की नरेश रखवाली करते थे, वहां पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में करीब 40 से 50 हजार रुपये की चोरी होने की बात भी सामने आई है।

चोरी या पुरानी रंजिश, दोनों एंगल पर जांच
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे चोरी की नीयत और किसी पुरानी रंजिश, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। CCTV में मिले संदिग्ध युवक की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
आरपीएफ कॉलोनी और रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र के पास हुई इस सनसनीखेज हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।





































