WEST BENGAL NEWS. पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चचेरे भाई निहार मुखर्जी की बेटी बृष्टि मुखर्जी की मौत की खबर सामने आई। कुसुम्बा गांव स्थित उनके घर से उनका शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही रामपुरहाट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि बृष्टि का अपने पति से तलाक संबंधी मामला भी चल रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी उनकी मौत के पीछे किसी एक वजह की पुष्टि नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

WBSSC भर्ती विवाद से भी जुड़ा था नाम
बृष्टि मुखर्जी का नाम पश्चिम बंगाल स्कूल सर्विस कमीशन (WBSSC) की उन ग्रुप-C गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सूची में आया था, जिनकी नियुक्तियां कोर्ट के आदेश के बाद रद्द की गई थीं। वर्ष 2023 में उनका नाम नौकरी से हटाए गए कर्मचारियों की सूची में शामिल था।

हालांकि, परिवार की ओर से दावा किया गया था कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते उन्होंने नौकरी ज्वाइन करने के कुछ समय बाद ही इस्तीफा दे दिया था।
कुछ रिपोर्टों में परिवार के हवाले से उनके लंबे समय से मानसिक तनाव में रहने और इलाज कराने की बात भी कही गई है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले इन परिस्थितियों को मौत का कारण मानना जल्दबाजी होगी।

क्या है पश्चिम बंगाल भर्ती घोटाला?
पश्चिम बंगाल का शिक्षक भर्ती घोटाला वर्ष 2016 में WBSSC के जरिए हुई शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं से जुड़ा मामला है। जांच में मेरिट लिस्ट और OMR शीट से जुड़ी गड़बड़ियों समेत कई आरोप सामने आए थे। अप्रैल 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने करीब 26,000 नियुक्तियों को रद्द करते हुए चयन प्रक्रिया को गंभीर रूप से दूषित माना था।





































