RAIPUR NEWS. राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ की खेल विरासत और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक खास मंच मिला। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के गौरवशाली खेल इतिहास पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन भी किया। फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष, खेल साधना और उपलब्धियों को तस्वीरों व रोचक जानकारियों के जरिए प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री साय ने प्रदर्शनी में शामिल विभिन्न खिलाड़ियों के योगदान को देखा और इस पहल की सराहना की।

प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित प्रदेश की कई खेल विभूतियों के जीवन और योगदान को प्रमुखता दी गई। वीर हनुमान सिंह के जीवन, उनकी खेल साधना और खेल जगत में योगदान को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में केवल खिलाड़ियों की उपलब्धियों को ही नहीं, बल्कि उनके संघर्ष और सफलता तक पहुंचने की यात्रा को भी सामने रखा गया। इसके जरिए यह बताने की कोशिश की गई कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने किस तरह मेहनत और समर्पण के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के इतिहास और उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है। ऐसी पहल युवाओं को खेलों से जुड़ने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने में मददगार साबित होगी। समारोह में मुख्यमंत्री ने ‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया। इस पुस्तक में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की खेल यात्रा, जीवन परिचय, प्रमुख उपलब्धियों और योगदान को आकर्षक तस्वीरों के साथ संकलित किया गया है।

यह पुस्तक प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को दस्तावेज के रूप में सुरक्षित रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध खेल विरासत से परिचित कराने का काम करेगी। फोटो प्रदर्शनी और ‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग ने तैयार किया है। दोनों माध्यमों के जरिए प्रदेश के खेल इतिहास, खेल विभूतियों और मौजूदा खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विजय बघेल सहित विधायक, विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष, खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।





































