
NEW DELHI/RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और दूरस्थ इलाकों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने को लेकर राज्य सरकार ने केंद्र के साथ समन्वय तेज करने पर जोर दिया है। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से उनके निवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना मजबूत करने और केंद्र के सहयोग से संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री नड्डा को राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर, सरगुजा और अन्य दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने को सरकार की प्राथमिकता बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भौगोलिक परिस्थितियां स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच के लिए चुनौती रही हैं। ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के साथ चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने तथा आधुनिक उपचार सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने के लिए काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक को उसके आसपास ही गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं तक पूरे स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत किया जा रहा है।

बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, गंभीर बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य बीमा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत समेत केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि केंद्र के निरंतर सहयोग से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को और गति मिलेगी। खासकर दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुलाकात की शुरुआत स्वास्थ्य कुशलक्षेम से
मुख्यमंत्री साय ने मुलाकात के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी ली तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच प्रदेश से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर चर्चा हुई।





































