KOLKATA NEWS. कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट में मंगलवार देर रात एक पांच मंजिला इमारत आग की चपेट में आ गई। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। बिल्डिंग के अंदर कई होटल संचालित हो रहे थे और आग लगने के समय ज्यादातर लोग कमरों में सो रहे थे। देखते ही देखते इमारत में धुआं भर गया, जिससे लोगों का दम घुटने लगा। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में दो महिलाएं और एक 4 साल का बच्चा भी शामिल है। सभी मृतक बेहोशी की हालत में मिले थे। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जबकि राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग में घना धुआं भर गया। होटल में ठहरे ज्यादातर लोग उस समय सो रहे थे। धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के कारण कई लोग बाहर नहीं निकल सके। रेस्क्यू के दौरान कई लोग बेहोशी की हालत में मिले। मृतकों में भारतीय नागरिकों के अलावा बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

इमारत के अंदर अभी भी काफी गर्मी है, इसलिए कूलिंग ऑपरेशन जारी है ताकि दोबारा आग भड़कने का खतरा न रहे।पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि आग की वास्तविक वजह की पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। मंत्री के मुताबिक, इमारत के अंदर की स्थिति बेहद खराब थी और वहां कई होटल संचालित हो रहे थे। उन्होंने बिल्डिंग की व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई।

फायर डिपार्टमेंट मंत्री ने आरोप लगाया कि बिल्डिंग मैनेजमेंट ने बुनियादी सुरक्षा और निर्माण संबंधी नियमों का पालन नहीं किया था।होटल संचालन को लेकर भी कई तरह की अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। अब पुलिस और संबंधित विभाग यह जांच कर रहे हैं कि इमारत में अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद बिल्डिंग का मालिक फिलहाल फरार है।

न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जांच में आग लगने की वजह, सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और होटल संचालन से जुड़ी अनियमितताओं को शामिल किया गया है।


































