JANJGIR NEWS. जिले में लिफ्ट मांगने के बहाने युवक की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। मामले में लूटपाट की नीयत से वारदात को अंजाम देने वाले दो विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, युवक अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। कचहरी चौक के पास दो नाबालिगों ने उससे लिफ्ट मांगी। युवक ने दोनों को बाइक पर बैठा लिया। होंडा शोरूम के पास पहुंचते ही दोनों ने अचानक उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी युवक का मोबाइल और पर्स लूटकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यू. लैंडन यार्क, सीएसपी योगिताबाली खापर्डे, कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता और साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुछ ही घंटों में दोनों नाबालिगों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने लूटपाट की नीयत से वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। त्वरित कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस और साइबर टीम की सराहना की है।






































