NEW DELHI NEWS. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय में बड़ा बदलाव हुआ है। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 25 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री की सलाह पर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया था। इसके बाद प्रह्लाद जोशी ने औपचारिक रूप से केंद्रीय शिक्षा मंत्री का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें शिक्षा मंत्रालय जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर वे विनम्रता और कर्तव्य की भावना के साथ इस दायित्व का निर्वहन करेंगे।

प्रह्लाद जोशी पहले से ही उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे हैं। अब शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद उनके पास तीन अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी होगी। 27 नवंबर 1962 को कर्नाटक के विजयपुरा में जन्मे प्रह्लाद जोशी का राजनीतिक सफर संगठन से शुरू हुआ।

शिक्षा मंत्री बने जोशी छात्र जीवन से ही सामाजिक कार्यों और जनहित के मुद्दों में सक्रिय रहे। वर्ष 1995 में उन्होंने भाजपा के धारवाड़ जिला अध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 1998 से 2003 तक वे भाजपा के जिला महासचिव रहे।

लगातार पांच बार बने लोकसभा सांसद
संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद प्रह्लाद जोशी ने धारवाड़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के बी.एस. पाटिल को हराकर पहली बार संसद पहुंचे। इसके बाद उन्होंने लगातार पांच लोकसभा चुनाव जीतकर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की।

मोदी सरकार में बढ़ता गया कद
साल 2019 में नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान प्रह्लाद जोशी को पहली बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली और उन्हें संसदीय कार्य मंत्री बनाया गया। बाद में उन्होंने कोयला मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभाली। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में उन्हें उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का प्रभार मिला। अब शिक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने के साथ उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।



































