BHILAI NEWS. भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के ब्लास्ट फर्नेस क्षेत्र में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ मैटेरियल एरिया में संचालित ओवर ब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक टूटकर करीब 50 फीट नीचे गिर गया। हादसे में क्रेन चला रहे ठेका मजदूर रविंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, केबिन नीचे गिरते समय बीच में लगी स्टील बीम से टकरा गया। इससे उसकी रफ्तार कुछ कम हुई और वह सीधे जमीन पर नहीं गिरा। इसी वजह से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन केबिन के अंदर मौजूद ऑपरेटर को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद घायल रविंद्र चौधरी को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही भिलाई स्टील प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

इस घटना ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि जिस ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन गिरा, उसका महज चार दिन पहले ही सेफ्टी इंस्पेक्शन किया गया था और संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था। ऐसे में निरीक्षण की गुणवत्ता, रखरखाव और तकनीकी खामियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

जांच में सामने आएगी हादसे की वजह
प्राथमिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी। वहीं, इस घटना ने भारी मशीनों के संचालन और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।






































