MUNGELI NEWS : मुंगेली। जिले के लोरमी विकासखंड में संकुल समन्वयक की नियुक्ति को लेकर विवाद सामने आया है। शासकीय प्राथमिक शाला खैरवार खुर्द, संकुल हरदी (खेकतरा) में पदस्थ सहायक शिक्षक एलबी नारद तेंदुलकर के खिलाफ जनपद सदस्य सुरजीत भार्गव ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत लोरमी को शिकायत सौंपकर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नारद तेंदुलकर ने नियमों के विपरीत संकुल समन्वयक का कार्यभार संभालते हुए संकुल हरदी के बैंक खाते से 23 मार्च 2026 को 80 हजार रुपये का आहरण किया।
शिकायतकर्ता सुरजीत भार्गव का दावा है कि संबंधित शिक्षक के पास संकुल समन्वयक पद के लिए कलेक्टर एवं पदेन जिला मिशन संचालक (समग्र शिक्षा) की स्वीकृति या नियुक्ति आदेश उपलब्ध नहीं था, इसलिए उन्हें राशि निकालने का अधिकार नहीं था।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्कूल शिक्षा विभाग के जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार संकुल समन्वयक का नामांकन जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा तथा कलेक्टर के अनुमोदन के बाद ही किया जा सकता है। ऐसे में बिना विधिवत नियुक्ति के वित्तीय कार्य करना नियमों का उल्लंघन है।


शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर मुंगेली, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोरमी तथा थाना प्रभारी लोरमी को भी भेजी गई है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
कौन होता है संकुल समन्वयक?
संकुल समन्वयक (Cluster Coordinator / CRC) स्कूल शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनका मुख्य कार्य अपने संकुल (क्लस्टर) के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना, शिक्षकों का मार्गदर्शन करना और विभागीय योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।






































