उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सुहवल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के 13 साल बाद तीन बच्चों की मां अपने कथित प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। पीड़ित पति का आरोप है कि पत्नी घर में रखे जेवर, नकदी और अन्य सामान लेकर तीनों बच्चों को भी अपने साथ ले गई। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

2012 में हुई थी शादी, तीन बच्चों का है परिवार
सुहवल थाना क्षेत्र के ढढ़नी भानमल राय गांव निवासी प्यारे लाल की शादी वर्ष 2012 में गहमर थाना क्षेत्र के मनिया गांव की रहने वाली युवती से हुई थी। शादी के बाद दोनों के तीन बच्चे हुए। पति का आरोप है कि पिछले कुछ समय से उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था।

काम पर गया पति, पीछे से पत्नी बच्चों संग हुई गायब
पीड़ित के अनुसार, 20 जून को वह रोज की तरह काम पर गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी घर में रखे जेवर, नकदी और जरूरी सामान लेकर तीनों बच्चों के साथ घर से चली गई। शाम को लौटने पर घर खाली मिला, जिसके बाद उसने पत्नी और बच्चों की तलाश शुरू की।

ससुर पर धमकी देने का आरोप
पति का कहना है कि उसने अपने ससुर को फोन कर पत्नी और बच्चों के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन मदद करने के बजाय ससुर ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि ससुर ने कहा कि उनकी बेटी अब वापस नहीं आएगी।

एसपी के निर्देश पर दर्ज हुआ मामला
स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। एसपी के निर्देश के बाद सुहवल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



































