MEERUT NEWS : उत्तर प्रदेश के मेरठ से तलाक का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां नवविवाहित दंपति के रिश्ते में दरार की वजह दहेज, बेवफाई या घरेलू कलह नहीं, बल्कि हनीमून ट्रिप बनी है। पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद पति उसे हनीमून पर तो ले गया, लेकिन साथ में अपने माता-पिता, बहन और भाई समेत पूरे परिवार को भी ले गया, जिससे उसे पति के साथ निजी समय बिताने का अवसर नहीं मिला।

महिला का कहना है कि हनीमून पति-पत्नी के रिश्ते को मजबूत बनाने और एक-दूसरे को समझने का निजी अवसर होता है, लेकिन परिवार के साथ यात्रा करने के कारण उसकी सभी उम्मीदें टूट गईं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया और मामला परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच गया।

वहीं, पति का कहना है कि उसने परिवार को खुश रखने के उद्देश्य से सभी को साथ लेकर जाने का फैसला किया था और उसे नहीं लगता कि उसने कोई गलती की है। हालांकि इस मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच सहमति नहीं बन पाई है।

परिवार परामर्श केंद्र में अब तक दोनों की तीन बार काउंसलिंग कराई जा चुकी है, लेकिन विवाद सुलझता नजर नहीं आ रहा। ऐसे में मामला तलाक की ओर बढ़ता दिख रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज निवासी युवती और दिल्ली के पटेल नगर निवासी युवक से जुड़ा है। युवती ग्रेजुएट है, जबकि युवक ने सिंगापुर से हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। दोनों की शादी एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से तय हुई थी।

सोमवार को भी दोनों की काउंसलिंग की गई। परामर्श केंद्र ने दंपति को रिश्ते पर पुनर्विचार करने के लिए कुछ और समय दिया है। यदि सहमति नहीं बनती है, तो मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































