RAIPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार आरोपियों की तलाश में पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में रायपुर पुलिस के आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार रायपुर के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस मामले के दो फरार आरोपियों आकाश और शिवम की तलाश में पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी पहुंची थी।

इस मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि दूसरा आरोपी अपने गांव में छिपा हुआ बताया गया था। रायपुर पुलिस की टीम कोखराज थाना क्षेत्र के इचौली गांव में आरोपी शिवम केशरवानी को पकड़ने पहुंची थी। पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पुलिस टीम को घेर लिया।

बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों को चोर समझ लिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। घायल जवान ने बताया कि दबिश के समय स्थानीय पुलिस की मदद मिलने में देरी हुई, जिसके कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

पुलिस टीम में मुख्य आरक्षी युसूफ खान, आरक्षी अजय चौधरी, आरक्षी संदीप सिंह और आरक्षित सत्येंद्र प्रधान भी शामिल थे। इनमें से दो पुलिसकर्मी स्थानीय कोखराज थाने को सूचना देने के लिए गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही कोखराज पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय कुमार केशरवानी, संदीप मिश्रा, शिवराज, दुर्गा प्रसाद और शिवबाबू सरोज के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है तथा अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।





































