BlLASPUR NEWS: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इलाज के दौरान एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उपचार प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और मरीज की स्थिति तथा इलाज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई। मामले को लेकर परिजनों ने बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

प्रेसवार्ता में मृतक के पुत्र राजेश कुमार जायसवाल ने बताया कि उनके 81 वर्षीय पिता उदय नारायण जायसवाल, जो कोरबा जिले के हरदी बाजार क्षेत्र के निवासी थे, को 14 अप्रैल 2026 को दाहिने पैर में दर्द की शिकायत के बाद अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार को उम्मीद थी कि अस्पताल में बेहतर उपचार मिलेगा, लेकिन इलाज के दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और 27 अप्रैल को उनकी मृत्यु हो गई।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने भर्ती से लेकर मृत्यु तक की पूरी उपचार प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उनका कहना है कि मरीज को आईसीयू और वेंटिलेटर पर क्यों रखा गया, इसकी भी संतोषजनक जानकारी परिवार को नहीं दी गई। साथ ही उपचार के दौरान कौन-कौन सी चिकित्सकीय प्रक्रियाएं अपनाई गईं, इस संबंध में भी कई सवाल अब तक अनुत्तरित हैं।

राजेश कुमार जायसवाल ने कहा कि उनके पिता को मुख्य रूप से पैर में दर्द की शिकायत थी, लेकिन इलाज के दौरान ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि उनकी मौत हो गई, इसकी जानकारी परिवार को नहीं मिल सकी। उन्होंने मांग की कि भर्ती से लेकर मृत्यु तक के सभी मेडिकल रिकॉर्ड, उपचार संबंधी दस्तावेज और चिकित्सकीय निर्णयों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए परिजनों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, संभागायुक्त, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित थाना प्रभारी को लिखित शिकायत भेजी है। शिकायत में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जबकि अस्पताल प्रबंधन का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। ऐसे में जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मरीज की मौत किन परिस्थितियों में हुई।



































