झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई है।
यह घटना गुरुवार शाम जिला मुख्यालय के नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित आरटीओ ऑफिस के पास हुई। मृतक की पहचान शिवाजी नगर निवासी 44 वर्षीय विनोद कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे में शामिल स्कॉर्पियो शहर के एक व्यापारी की है और उसे नाबालिग लड़का चला रहा था। बताया जा रहा है कि कार में दो अन्य लोग भी सवार थे, जो हादसे के बाद वाहन से उतरकर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि विनोद कुशवाहा सड़क किनारे पैदल चल रहे होते हैं, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो उन्हें टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद वाहन कुछ दूरी पर रुकता है, और उसमें सवार लोग नीचे उतरकर स्थिति देखते हैं और फिर वहां से भाग जाते हैं।
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर जांच की जा रही है तथा आरोपी की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



































