Jhansi News: उत्तर प्रदेश: झांसी में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब मोमोस के पैसे मांगने पर एक युवक ने हंगामा खड़ा कर दिया। गुस्से में उसने न सिर्फ दुकानदार का ठेला पलट दिया, बल्कि जमकर तोड़फोड़ भी की।

इस दौरान ठेले पर रखी खौलते तेल की कड़ाही गिर गई, जिससे दो बच्चे झुलस गए, जबकि कुछ अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला नवाबाद थाना क्षेत्र के खुशीपुरा इलाके का है, जहां हिमांशु नाम का युवक मोमोस का ठेला लगाता है। गुरुवार रात करीब 9 बजे इलाके का ही एक व्यक्ति मोमोस लेकर पैसे दिए बिना जाने लगा। जब दुकानदार ने 50 रुपये मांगे, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर आरोपी युवक ने ठेला पलट दिया। उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक ने गैस सिलेंडर उठाकर पटक दिया, जिससे पूरा सामान सड़क पर बिखर गया। इसी दौरान गर्म तेल की कड़ाही गिरने से आसपास मौजूद दो बच्चे झुलस गए।

पीड़ित हिमांशु की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।





































