झांसी में बुधवार को भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने जिले में रेड अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सुबह के वक्त ही तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि दिन में इसके 47 डिग्री तक जाने की संभावना जताई गई है।
हीट वेव की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने अपील की है कि बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें और खासकर दोपहर के समय बाहर जाने से बचें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने को कहा गया है।
पिछले कुछ दिनों से झांसी में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 29.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा रहा।
मंगलवार को लोगों के मोबाइल पर कई बार अलर्ट संदेश भेजकर अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी और लू के प्रकोप की चेतावनी दी गई। भारतीय मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है।
कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एके सिंह के मुताबिक, फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय खेतों में काम करने से बचें और बाहर निकलते समय शरीर को ढककर रखें। साथ ही नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।
इस भीषण गर्मी के बीच बिजली की बढ़ती मांग ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई इलाकों में अघोषित बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों को दिन-रात दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।



































