RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। आज यानी 15 मई को सुबह से राजधानी रायपुर में तेज गर्जना और बारिश के साथ दिन की शुरुआत हुई। शहर के आसमान में काले बादल छाए रहे, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में मामूली गिरावट महसूस की गई, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम फिर करवट लेने वाला है।

मौसम विभाग के अनुसार के ताजा बुलेटिन के मुताबिक अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका भी जताई है।

बारिश के बाद अब प्रदेश को गर्मी की नई मार झेलनी पड़ सकती है। मौसम विभाग ने 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान Rajnandgaon में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान Pendra Road में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज की बारिश से मौसम ठंडा हो गया है और गर्मी-उमस से भी राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार Raipur में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक और रुक-रुककर बारिश होने के आसार बने हुए हैं।




































