RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब फुलवारी चौक वार्ड क्रमांक 13 स्थित एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। बताया गया कि पुष्पा साहू मितानिन के निर्माणाधीन मकान पर बंदूक व टिफिन बंम की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस, बम स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल एहतियात बरतते हुए मकान और आसपास के पूरे क्षेत्र को सील कर दिया।

इलाके में लोगों की आवाजाही रोक दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से तार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और विस्फोटक तैयार करने में उपयोग होने वाली कुछ संदिग्ध सामग्री मिली है। हालांकि अधिकारियों ने बरामद सामान को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम हर वस्तु की बारीकी से जांच कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस को इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित मकान में दबिश दी, जहां से यह सामान बरामद हुआ। पुलिस आसपास के लोगों और मकान से जुड़े व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।

घटना के बाद जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुट गई हैं कि आखिर इतनी मात्रा में संदिग्ध सामग्री वहां कैसे पहुंची और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि कहीं राजधानी में किसी बड़ी वारदात की साजिश तो नहीं रची जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

संदिग्ध लोगों की गतिविधियों, उनके संपर्कों और तकनीकी जानकारी जुटाने के लिए साइबर टीम को भी लगाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की। सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के घरों की भी तलाशी ली है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



































