JOB NEWS. भारत सरकार की प्रमुख भर्ती एजेंसी स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (SSC) ने स्टेनोग्राफर भर्ती 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में ग्रुप C और ग्रुप D पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि सीएचएसएल और सीजीएल जैसी परीक्षाओं की तुलना में इस भर्ती में प्रतिस्पर्धा अपेक्षाकृत कम रहती है, क्योंकि इसमें शॉर्टहैंड स्किल अनिवार्य होती है।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 15 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 मई तय की गई है, जबकि फॉर्म में सुधार के लिए 20 से 21 मई तक करेक्शन विंडो खुलेगी। कंप्यूटर आधारित परीक्षा जुलाई-अगस्त 2026 में आयोजित की जाएगी। इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है।

इसके साथ ही स्टेनोग्राफी स्किल टेस्ट भी देना होगा, जिसमें ग्रेड C के लिए अंग्रेजी में 40 मिनट और हिंदी में 45 मिनट, जबकि ग्रेड D के लिए अंग्रेजी में 50 मिनट और हिंदी में 65 मिनट में ट्रांसक्रिप्शन करना होगा। आयु सीमा की बात करें तो 1 अगस्त 2026 के अनुसार ग्रेड C के लिए उम्मीदवार की उम्र 18 से 30 वर्ष और ग्रेड D के लिए 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी।

स्टेनोग्राफर की भूमिका सरकारी कार्यालयों में काफी अहम होती है। ये अधिकारी के भाषण, मीटिंग और जरूरी दस्तावेजों को शॉर्टहैंड में नोट करते हैं और बाद में उन्हें टाइप करते हैं। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों के दैनिक कार्यों में सहयोग भी करते हैं, जिससे यह पद जिम्मेदारी भरा माना जाता है। चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट के बाद स्किल टेस्ट शामिल है।

वेतनमान ग्रेड C के लिए 9,300 से 34,800 रुपये और ग्रेड D के लिए 5,200 से 20,200 रुपये तक निर्धारित है। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 100 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और पूर्व सैनिकों को शुल्क में छूट दी गई है। इच्छुक उम्मीदवार SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
































