MUMBAI NEWS. रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 तीसरे हफ्ते के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। हालांकि चौथे हफ्ते में प्रवेश के साथ फिल्म की कमाई में गिरावट जरूर देखने को मिली है, लेकिन नई रिलीज फिल्मों के बावजूद इसकी पकड़ अभी भी बनी हुई है। यहां तक कि ‘डकैत’ जैसी नई फिल्म के आने के बावजूद इसकी रफ्तार बरकरार है.

फिल्म ने रिलीज के 23वें दिन यानी चौथे शुक्रवार को करीब 6.70 करोड़ रुपये की कमाई की। यह अब तक का सबसे कम दैनिक कलेक्शन जरूर है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म लगातार दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है। खास बात यह है कि डकैत जैसी नई फिल्म के आने के बाद भी ‘धुरंधर 2’ की रफ्तार पूरी तरह नहीं थमी है।

फिल्म ने पहले हफ्ते में 674.17 करोड़, दूसरे हफ्ते में 263.65 करोड़ और तीसरे हफ्ते में 110.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसी के साथ 23 दिनों में फिल्म की कुल भारत नेट कमाई 1055.12 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। धुरंधर 2 ने 1050 करोड़ का आंकड़ा पार कर एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है।

यह फिल्म इस आंकड़े को छूने वाली चुनिंदा हिंदी फिल्मों में शामिल हो गई है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रचा है। हालांकि कुल कमाई के मामले में फिल्म अपने पहले पार्ट से आगे निकल चुकी है, लेकिन डे-वाइज कलेक्शन में यह पीछे नजर आ रही है।

पहली फिल्म धुरंधर ने रिलीज के 23वें दिन 20.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जो ‘धुरंधर 2’ से कहीं ज्यादा है। अब सभी की निगाहें चौथे वीकेंड पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि नई फिल्मों की टक्कर के बीच ‘धुरंधर 2’ अपनी पकड़ कितनी मजबूत बनाए रख पाती है।


































