JASHPUR NEWS. जशपुर जिले के विशिष्ट कम्युनिटी हॉल सभागार में 4 अप्रैल को साइबर अपराध पर आधारित शॉर्ट फिल्म ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीएम विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय शामिल हुईं, जबकि अरुण देव गौतम की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक एवं फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही।

कार्यक्रम में बताया गया कि शशि मोहन सिंह लगातार सामाजिक मुद्दों पर शॉर्ट फिल्मों के जरिए जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने कजरी नामक फिल्म का निर्माण किया था। राष्ट्रीय नाट्य मंचन की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर उन्होंने वर्तमान समय की बड़ी समस्या बन चुके साइबर फ्रॉड को केंद्र में रखते हुए इस नई फिल्म का निर्माण किया है।

मुख्य अतिथि कौशल्या देवी साय ने कहा कि फिल्मों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने के प्रति जागरूक करेगी। वहीं अरुण देव गौतम ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे संदेशों का सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार होना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें।

इस फिल्म की कहानी स्वयं शशि मोहन सिंह ने लिखी है और निर्देशन भी उन्होंने ही किया है। साथ ही फिल्म में उन्होंने एक पीड़ित शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके सुपुत्र ऋभु समर्थ सिंह भी फिल्म में प्रमुख किरदार में नजर आए हैं। फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों को प्रभावी तरीके से दिखाया गया है।

विमोचन कार्यक्रम के दौरान फिल्म से जुड़े कलाकारों—प्रवीण अग्रवाल, कुंदन सिंह, ऋभु समर्थ सिंह, वंशिका गुप्ता, लायरा जैन और राम प्रकाश पांडेय ने मंच से अपने अनुभव साझा किए। दर्शकों ने फिल्म की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक पहल बताया। राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के प्रमुख डॉ. आनंद पांडेय ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिल रहा है और लघु फिल्मों में काम करने के अवसर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने “जशरंग महोत्सव” को आगे भी जारी रखने की बात कही।

कार्यक्रम में रोहित व्यास, लाल उमेद सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। फिल्म के निर्माता-निर्देशक शशि मोहन सिंह ने कहा कि फिल्म को लेकर लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। इसका उद्देश्य साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि फिल्म को ज्यादा से ज्यादा साझा करें, ताकि इसका संदेश व्यापक स्तर तक पहुंच सके।


































