RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में एक फर्नीचर कारोबारी के साथ 39 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है, जहां कमर्शियल मशीन सप्लाई के नाम पर आरोपी ने एडवांस राशि लेकर सालों तक टालमटोल की। लंबे इंतजार और लगातार शिकायतों के बाद आखिरकार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, गुरुनानक चौक निवासी मोहम्मद शाहनवाज हुसैनी का फर्नीचर कारोबार है। उनकी दुकान पर आने-जाने वाले इमरान नवाब से उनकी पहचान हुई।

साल 2021 में आरोपी ने एचडीडी मशीन सस्ते में उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया। भरोसे में आकर शाहनवाज ने 39 लाख रुपये एडवांस दे दिए, लेकिन इसके बाद आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा। न मशीन दी गई और न ही रकम लौटाई गई। जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो विवाद बढ़ा। इस दौरान आरोपी ने कोर्ट में इकरारनामा करते हुए 18 अलग-अलग चेक दिए, लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए।

इसके बावजूद आरोपी ने रकम वापस नहीं की और उल्टे धमकियां देना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उसे झूठे मामलों में फंसाने और आजमगढ़ से गुंडे बुलाकर जान से मारने की धमकी दी। इससे कारोबारी और उसका परिवार दहशत में है।

शाहनवाज ने बताया कि उनके पिता कैंसर से पीड़ित हैं और इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत है। लेकिन ठगी के कारण वह आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और पिछले दो साल से आरोपी के पीछे भटक रहे हैं।

135 दिन बाद दर्ज हुआ केस
पीड़ित ने जब पुलिस में शिकायत की तो शुरुआती स्तर पर इसे लेन-देन का विवाद बताकर कार्रवाई नहीं की गई। लगातार प्रयास और वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार के बाद मौदहापारा थाना पुलिस ने 135 दिन बाद ठगी का केस दर्ज किया। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।



































