KATGHORA NEWS. कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत छुरी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। छात्रावास के रसोइए केसर दुबे ने शराब के नशे में कक्षा छठवीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर टांगिया (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। हमले में छात्र की आंख के ऊपर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और परिजन उसे घर ले गए हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय छात्रावास अधीक्षक अवकाश पर थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपी रसोइया लंबे समय से बच्चों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार कर रहा था। छात्रों ने आरोप लगाया है कि वह उन पर अवैध वसूली का भी दबाव बनाता था।


जनप्रतिनिधियों में आक्रोश
घटना के सामने आने के बाद छुरी नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही छात्रावास की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए हैं।

आरोपी हिरासत में, जांच जारी
इधर, छात्रावास अधीक्षक की शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी केसर दुबे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।





































