RAIPUR NEWS. डाक विभाग ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए रायपुर संभाग के सभी प्रमुख डाकघरों और उप डाकघरों में अंतरराष्ट्रीय पार्सल और अंतरराष्ट्रीय लेख बुकिंग सेवा शुरू कर दी है। अब संभाग के चारों जिलों रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद और महासमुंद के लोग अपने पार्सल, दस्तावेज और अन्य सामग्री सीधे स्थानीय डाकघरों से विदेश भेज सकेंगे। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब लोगों को बड़े शहरों या निजी कूरियर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

परिजन, रिश्तेदार या दोस्तों को सामान भेजना हो या फिर व्यापार से जुड़े पार्सल सब कुछ अब नजदीकी डाकघर से ही आसानी से बुक किया जा सकेगा। अंतरराष्ट्रीय पार्सल भेजने के लिए ग्राहकों को पार्सल के साथ प्राप्तकर्ता का पूरा और सही पता, वैध पहचान पत्र, पार्सल का वजन और निर्धारित शुल्क, इन सभी प्रक्रियाओं के बाद पार्सल की बुकिंग की जाएगी।

सेवा की खास बातें
सुरक्षित और विश्वसनीय व्यवस्था: डाक विभाग द्वारा पार्सल की सुरक्षित हैंडलिंग सुनिश्चित की जाएगी
बेहतर पैकेजिंग गाइडेंस: ग्राहकों को पैकिंग संबंधी सलाह भी दी जाएगी
ऑनलाइन ट्रैकिंग सुविधा: हर पार्सल के साथ ट्रैकिंग रसीद दी जाएगी
कम खर्च में सेवा: निजी कूरियर कंपनियों के मुकाबले यह सेवा अधिक किफायती रहेगी

अगर किसी ग्राहक के पास बड़ा या भारी पार्सल है, तो डाक विभाग की ओर से निःशुल्क पिकअप सुविधा भी दी जाएगी। यानी अब पार्सल को खुद डाकघर ले जाने की जरूरत नहीं होगी। डाक विभाग ने संभाग के आम नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों और प्रवासी परिवारों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

यह नई पहल न केवल सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संपर्क और व्यापार को भी आसान बनाएगी—वो भी कम लागत और भरोसेमंद सिस्टम के साथ।




































