BALOD NEWS. जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिचा में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गांव की 22 वर्षीय युवती लीलेश्वरी साहू की जली हुई लाश खेत के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। सबसे मार्मिक बात यह है कि आगामी 1 अप्रैल को उसकी शादी तय थी, लेकिन खुशियों से भरे घर में अचानक मातम छा गया।

गुरुवार सुबह जब ग्रामीण गांव से करीब 200 मीटर दूर खेतों की ओर पहुंचे, तो उन्होंने एक युवती का बुरी तरह जला हुआ शव देखा। देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। परिजनों ने शव की पहचान लीलेश्वरी साहू के रूप में की।

जांच में जुटी पुलिस, कई टीमें मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मोनिका ठाकुर टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स, डॉग स्क्वायड और साइबर सेल की टीम को भी जांच में लगाया है। घटनास्थल से युवती का जला हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर लिया गया है। मोबाइल डेटा और कॉल डिटेल्स के जरिए अहम सुराग तलाशे जा रहे हैं।

हत्या या आत्महत्या? हर एंगल से जांच
पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। शव को पोस्टमार्टम के लिए गुंडरदेही भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अब गहरे सदमे में है, जबकि पुलिस इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।





































