JAGDALPUR NEWS. शहर के बृजराज नगर इलाके में एक पालतू कुत्ते के हिंसक होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पिछले दो दिनों से खौफ का पर्याय बने इस कुत्ते ने कई राहगीरों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ता लोगों को दौड़ाते हुए नजर आ रहा है।


जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र का एक पालतू कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया। इस दौरान वहां से अपनी बच्ची के साथ गुजर रही एक महिला पर कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले से घबराकर महिला अपनी जान बचाने की कोशिश में बच्ची समेत पास के एक गड्ढे में गिर गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, तो कुत्ते ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उन पर झपटने लगा।

घरों और दुकानों में छिपने को मजबूर हुए लोग
कुत्ते के आतंक का आलम यह था कि सड़क पर चल रहे लोग अपनी जान बचाने के लिए आसपास की दुकानों और घरों में घुस गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुत्ते का मालिक उसे रोज रात को बिना किसी निगरानी के घर के बाहर खुला छोड़ देता था, जो इस हादसे का मुख्य कारण बना।


प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। मोहल्ले वासियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से पालतू जानवरों को खुले में छोड़ने वाले मालिकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में इस तरह की लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे सकती है। फिलहाल, स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते पर काबू पाने की कोशिश की है।




































