LUCKNOW NEWS. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलिकॉप्टर को शनिवार को तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भरने के लगभग 15 मिनट बाद ही हेलिकॉप्टर के डिस्प्ले सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया और केबिन के अंदर धुआं भरने लगा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी।

जानकारी के मुताबिक हेलिकॉप्टर लखनऊ से उड़ान भरने के बाद करीब 50 किलोमीटर दूर बछरावां तक पहुंच चुका था। इसी दौरान तकनीकी समस्या सामने आई। एटीसी से अनुमति मिलने के बाद पायलट ने हेलिकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। करीब सुबह 11:15 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। जिस हेलिकॉप्टर में खराबी आई, वह उत्तर प्रदेश सरकार का वीआईपी हेलिकॉप्टर है और इसकी जिम्मेदारी राज्य के नागरिक उड्डयन विभाग के पास है।

लैंडिंग के समय तक हेलिकॉप्टर के अंदर काफी धुआं भर चुका था। हेलिकॉप्टर में सवार उपमुख्यमंत्री समेत कुल 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हेलिकॉप्टर ने लखनऊ स्थित ला मार्टिनियर स्कूल ग्राउंड से उड़ान भरी थी, जो उपमुख्यमंत्री के आवास के पास स्थित है। हेलिकॉप्टर लगभग 2000 फीट की ऊंचाई तक पहुंच चुका था, तभी पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला।

हेलिकॉप्टर में उपमुख्यमंत्री के साथ दो पायलट, एक सलाहकार, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और एक सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर पहले से फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी तैनात कर दी गई थी। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद केशव प्रसाद मौर्य दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी के लिए रवाना हो गए। वहां वे दो दिवसीय सरस महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन करने वाले हैं।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
- उपमुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर के साथ इससे पहले भी कई बार तकनीकी दिक्कतें सामने आ चुकी हैं—
- 28 फरवरी 2022: चुनावी दौरे के दौरान ईंधन की कमी के कारण कुशीनगर के महावीर इंटर कॉलेज मैदान में लैंडिंग करानी पड़ी।
- 14 फरवरी 2019: आजमगढ़ जाने के लिए उड़ान भरते ही तकनीकी खराबी आने पर हेलिकॉप्टर को वापस लखनऊ उतारना पड़ा।
- 30 मार्च 2018: आजमगढ़ से लौटते समय खराबी आने पर रायबरेली के फुरसतगंज में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।




































