RAIPUR NEWS. रायपुर में होली के रंगों के बीच किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने इस बार व्यापक और तकनीक-सहायित सुरक्षा रणनीति लागू की है। शहर को तीन सुरक्षा सेक्टरों में विभाजित कर ड्रोन कैमरों से निगरानी, त्वरित पुलिस रिस्पांस और सख्त ट्रैफिक चेकिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। पुलिस के मुताबिक किसी भी विवाद या सूचना की स्थिति में पुलिस का रिस्पांस टाइम अधिकतम पांच मिनट निर्धारित किया गया है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने जानकारी दी कि कमिश्नरेट क्षेत्र को तीन अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी डीसीपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे तैनात किए गए हैं, जो लगातार कंट्रोल रूम को लाइव फीड उपलब्ध कराएंगे। आवश्यकता पड़ने पर रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के रूप में भी उपयोग किया जाएगा।

त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ये जवान सोमवार शाम से बुधवार शाम तक लगातार ड्यूटी पर रहेंगे। मुख्य चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने शहर में 60 से अधिक चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए हैं। यातायात विभाग के करीब 500 जवान प्रमुख मार्गों और चौराहों पर निगरानी रखेंगे।

शराब पीकर वाहन चलाने वाले, तेज रफ्तार बाइक सवार, तीन सवारी बैठाकर चलने वाले, पकड़े जाने की स्थिति में वाहन सीधे थाने में जब्त किया जाएगा और चालक को पैदल घर लौटना पड़ सकता है। त्योहार की आड़ में अवैध शराब बिक्री और नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए 150 सदस्यीय क्राइम ब्रांच की विशेष टीम सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी। यह टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी और आवश्यक होने पर तत्काल कार्रवाई करेगी।

पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि होली के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, सड़क पर स्टंट या अशांति फैलाने की किसी भी कोशिश पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं, ताकि रंगों का यह पर्व उल्लास और शांति के साथ संपन्न हो सके।




































