DURG NEWS. वैशाली नगर थाना पुलिस ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण और नगदी सहित करीब 4 लाख 23 हजार रुपए का सामान बरामद किया है।

मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर मुक्तिधाम का है। प्रार्थिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर आलमारी में रखे सोने के जेवर और नगदी चोरी कर ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घर के सदस्यों से पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ में प्रार्थिया की नाबालिग भतीजी ने अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किया गया सोने का नेकलेस उन्होंने अपने परिचित रंजीत वर्मा को बेच दिया था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रंजीत वर्मा को चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक सोने का नेकलेस, एक सोने का मंगलसूत्र और नगदी बरामद की गई है।

पुलिस ने आरोपी रंजीत वर्मा को न्यायालय में पेश किया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक और बालिका को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।



































