RAIPU NEWS. रायपुर पुलिस ने टी-20 विश्व कप के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो कथित सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये दोनों मोबाइल ऐप के माध्यम से लाखों रुपये का दांव लगवाते थे और गोवा से पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने 7.78 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, सांई ट्विंस निवासी रैंकी दरडा और प्रतीक वीधवानी इस गिरोह के मुख्य संचालक हैं। दोनों ने गोवा में एक मकान किराए पर लेकर वहां टीम बैठा रखी थी, जहां से सट्टेबाजी का काम संचालित होता था। बिलासपुर, भिलाई और रायपुर के युवकों को 20 से 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम पर रखा गया था। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर 35 लाख रुपये देकर वसूली का पैनल खरीदा था।

दरअसल, जो लोग दांव लगाने या हारने के बाद रकम नहीं चुकाते थे, उनसे वसूली की जाती थी। इसके एवज में आरोपियों को मोटा कमीशन मिलता था। साथ ही 20-20 हजार रुपये में सट्टेबाजी के लिए आईडी और पासवर्ड बेचे जाते थे। चर्चा यह भी है कि आरोपी तथाकथित महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

गोवा में छापा, चार लोग हिरासत में
पुलिस ने गोवा स्थित किराए के मकान में छापा मारकर चार लोगों को हिरासत में लिया है। उन्हें शनिवार सुबह रायपुर लाया जा रहा है। एक आरोपी छापे के दौरान फरार हो गया था, जिसे बाद में ट्रेन में पकड़ लिया गया। आरोपियों के बैंक खातों की जांच में दो करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन का खुलासा हुआ है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हवाला के माध्यम से रकम विदेश भेजी जा रही थी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


































