BILASPUR NEWS. रायपुर–रतनपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रात करीब 2 बजे ट्रेलर (CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर की तरफ जा रहा था।

इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) से जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया गया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर से टकराते हुए पलट गया, जबकि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे।

क्षतिग्रस्त वाहन को काटने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की जान जा चुकी थी। घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे। वे यादव ढाबा में आयोजित पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर यह हादसा हो गया।

हादसे में मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), पिता बालाराम रात्रे, निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर; विशाल लहरे (25 वर्ष), पिता राजकुमार लहरे, निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली; अनमोल लहरे (14 वर्ष), पिता संजय लहरे, निवासी बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली; और सोनू मिरी (28 वर्ष), निवासी कोटा के रूप में हुई है।

घायल प्रकाश रात्रे, पिता मंशाराम रात्रे, निवासी ग्राम कुवागांव, थाना तखतपुर का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।



































