RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री OP Choudhary ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए इसे ‘संकल्प थीम पर आधारित बताया। सरकार ने इस बजट में बस्तर और सरगुजा जैसे आदिवासी अंचलों के विकास, बेटियों के सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और सड़क संपर्क को प्राथमिकता दी है। बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री ने अपने शासकीय निवास स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी अदिति चौधरी भी मौजूद रहीं।
देखें पूरा लाइव बजट
बस्तर के लिए विशेष प्रावधान
- बस्तर के अंदरूनी इलाकों में बस सेवा शुरू करने के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान।
- बूझमाड़-जगरगुंडा क्षेत्र में दो एजुकेशन सिटी स्थापित की जाएंगी।
- बस्तर और सरगुजा में सड़क नेटवर्क मजबूत करने के लिए विशेष प्रावधान।
- आजीविका आधारित गतिविधियों—एग्रीकल्चर, एग्रो-फॉरेस्ट प्रोसेसिंग, राइस मिल और पोल्ट्री फार्म जैसे उद्योगों के लिए 100 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित।

बेटियों और महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं
- रानी दुर्गावती योजना के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर बेटियों को 1.5 लाख रुपये की सहायता।
- प्रदेश में 250 ‘महतारी सदन’ बनाए जाएंगे, इसके लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान।
- मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना लागू की जाएगी।
- मुख्यमंत्री सड़क योजना के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत प्रदेश की 36 सड़कों का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा।

स्वास्थ्य और शिक्षा पर फोकस
- शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान योजना के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक के उपचार के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान।
- कांकेर, कोरबा और महासमुंद में नए नर्सिंग कॉलेज खोले जाएंगे।
- रायपुर में खाद प्रयोगशाला (फूड लैब) का निर्माण।
- मेकाहारा अस्पताल में एआई तकनीक के उपयोग के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान।
- मितानिन कल्याण निधि के लिए 350 करोड़ रुपये।
- बस्तर और सरगुजा में डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी।

पर्यटन और सिंचाई परियोजनाएं
- मैनपाट और जशपुर के कोतेबेरा में पर्यटन स्थलों के विकास के लिए प्रावधान।
- इंद्रावती नदी पर मटनार और देउरगांव में बैराज निर्माण के लिए 68 करोड़ रुपये की स्वीकृति, जिसमें 24 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य प्रस्तावित।



































