RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार सुबह 11 बजे औपचारिक रूप से शुरू हुआ। सत्र की शुरुआत से पहले विधानसभा परिसर में स्पीकर डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सत्र का आगाज़ राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से हुआ।

इस अभिभाषण के दौरान सदन में कोई व्यवधान नहीं हुआ और राज्यपाल ने अपना पूरा भाषण शांतिपूर्वक पढ़ा। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन के पटल पर राज्य का आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया। प्रारंभिक कार्यवाही के बाद स्पीकर ने सदन को अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दिया। जानकारी के अनुसार राज्य सरकार 24 मार्च को वित्तीय वर्ष का बजट पेश करेगी।

सूत्रों के मुताबिक इस बार का बजट गुड गवर्नेंस की थीम पर आधारित होगा। इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, डिजिटल टेक्नोलॉजी, औद्योगिक विस्तार और निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहने की संभावना है। सरकार युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए नई योजनाओं की घोषणा कर सकती है। जिलों में नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना, प्रमुख शहरों में स्टेडियम निर्माण और रिंग रोड परियोजनाओं को भी बजट में प्राथमिकता मिलने की चर्चा है।

बता दें कि बजट पेश होने के बाद उस दिन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। 25 फरवरी से राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की शुरुआत होगी, जिसमें पक्ष और विपक्ष के सदस्य सरकार की नीतियों और प्राथमिकताओं पर अपने विचार रखेंगे। आने वाले दिनों में सदन में वित्तीय प्रावधानों और विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत बहस होने की संभावना है।



































