RAIPUR NEWS. सुबह की नियमित कसरत के दौरान एक कारोबारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। डीडी नगर थाना क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी ग्राउंड में बैडमिंटन खेलते समय 57 वर्षीय अमृत बजाज कोर्ट पर ही गिर पड़े। साथियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ईदगाह भाठा निवासी अमृत बजाज के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार वे शुगर के मरीज थे, लेकिन रोजाना दोस्तों के साथ बैडमिंटन और क्रिकेट खेलना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे शॉट मारने के बाद शटल कॉक उठाने झुकते हैं और अचानक जमीन पर गिर जाते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह अमृत बजाज अपने दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेल रहे थे। खेल के दौरान वे अचानक गिर पड़े और अचेत हो गए।

साथियों ने तुरंत उन्हें पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि की। परिजनों को दोस्तों ने फोन कर सूचना दी। 16 फरवरी को उनका अंतिम संस्कार मरवाड़ी मुक्तिधाम में किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। हार्ट अटैक (मायोकार्डियल इन्फार्क्शन) तब होता है जब हृदय की मांसपेशियों तक खून पहुंचाने वाली धमनियों में रुकावट आ जाती है।

क्या होता है हार्ट अटैक?
हृदय को रक्त आपूर्ति मुख्य रूप से तीन प्रमुख कोरोनरी धमनियों से होती है।
शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर इन धमनियों में प्लाक जमा होने लगता है।
लगभग 40% तक की रुकावट में अक्सर गंभीर लक्षण नहीं दिखते।
जब ब्लॉकेज 70% या उससे अधिक हो जाता है, तो रक्त प्रवाह काफी कम हो जाता है।
अचानक रक्त प्रवाह रुकने पर हृदय की मांसपेशियों को ऑक्सीजन नहीं मिलती और हार्ट अटैक हो सकता है।




































