JOB NEWS. सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप D के तहत 22,082 लेवल-1 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस भर्ती के लिए देशभर के विभिन्न रेलवे जोनों में नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस अभियान के तहत ट्रैक मेंटेनर, असिस्टेंट पॉइंट्समैन, हेल्पर समेत अन्य ग्रुप D श्रेणी के पद भरे जाएंगे।

चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से होगी, जिसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और मेडिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा। हाल के वर्षों में यह रेलवे की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक मानी जा रही है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा ITI या NAC (NCVT) प्रमाणपत्र धारक अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।

चयन के दौरान निर्धारित शारीरिक व चिकित्सीय मानकों को पूरा करना जरूरी होगा। मेडिकल परीक्षण में दृष्टि क्षमता और शारीरिक फिटनेस की जांच की जाएगी। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। ओबीसी वर्ग: 3 वर्ष, एससी/एसटी वर्ग: 5 वर्ष, दिव्यांग अभ्यर्थी: अतिरिक्त आयु छूट मिलेगी।

सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित है, जिसमें से CBT में शामिल होने पर 400 रुपये वापस कर दिए जाएंगे। एससी, एसटी, महिला, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये शुल्क रखा गया है, जो परीक्षा में शामिल होने पर पूर्ण रूप से वापस कर दिया जाएगा। शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन करना होगा।

ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाएं।
- Create Account पर क्लिक कर नया रजिस्ट्रेशन करें।
- लॉगिन कर CEN 09/2025 – Group D चुनें।
- व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें।
- जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- परीक्षा शहर का चयन करें।
- आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
- फॉर्म को सबमिट करें और प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।






























