RAIGHAR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। शहर के बीचों-बीच स्थित थ्री-स्टार होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में मसाज की आड़ में देह व्यापार का काला खेल चल रहा था। पुलिस ने सोमवार रात योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर स्पा संचालक और होटल मैनेजर समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि होटल ट्रिनिटी के स्पा में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। मामले की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक पॉइंटर (फर्जी ग्राहक) तैयार किया और उसे 6 हजार रुपये देकर स्पा सेंटर भेजा। जैसे ही पॉइंटर ने अंदर जाकर डील फाइनल होने का संकेत दिया, पुलिस की टीम ने तुरंत होटल की सातवीं मंजिल पर दबिश दे दी।
अलग-अलग कमरों में मिलीं 3 युवतियां
दबिश के दौरान पुलिस को होटल के तीन अलग-अलग कमरों में 3 युवतियां संदिग्ध हालत में मिलीं। जानकारी के मुताबिक, ये युवतियां इंदौर, कोलकाता और असम की रहने वाली हैं। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, ग्राहकों का रजिस्टर, मोबाइल फोन और साल 2024 से संबंधित किरायानामा भी जब्त किया है।

संचालक और मैनेजर गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
विनायकंत बरगट (43): स्पा संचालक, जो दुर्ग जिले के भिलाई (जोन-2, लोहिया रोड) का रहने वाला है। उसने स्वीकार किया कि वह ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बाहर से लड़कियां बुलाता था।
देवेन्द्र सिंह (48): होटल मैनेजर, जिस पर इस अवैध कारोबार में सहयोग करने का आरोप है।

कड़ी धाराओं में केस दर्ज
रायगढ़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (PITA) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसमें होटल प्रबंधन के अन्य कौन से लोग शामिल हैं।

होटल में स्पा की आड़ में देह व्यापार की सूचना मिली थी। साक्ष्य जुटाने के बाद छापेमारी की गई और मौके से नकदी व आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




































