BOLLYWOOD NEWS. भारतीय सिनेमा में कबीर बेदी का नाम जितना उनकी दमदार आवाज और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के लिए जाना जाता है, उतनी ही चर्चा उनकी शादियों और रिश्तों की भी रही है। कबीर बेदी उन चुनिंदा सितारों में शामिल हैं, जिनकी लव लाइफ किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं रही-जहां प्यार, जुदाई और नई शुरुआत बार-बार सुर्खियों में आई। कबीर बेदी की कहानी बताती है कि उनकी जिंदगी सिर्फ फिल्मों की नहीं, बल्कि रिश्तों और शादियों की वजह से भी हमेशा लोगों की दिलचस्पी का विषय बनी रही और शायद यही उन्हें बाकी सितारों से अलग बनाता है।

16 जनवरी 1946 को पंजाब में जन्मे कबीर बेदी ने अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले मॉडलिंग और विज्ञापन की राह चुनी। कबीर बेदी की 1971 में फिल्म हलचल से बॉलीवुड में एंट्री मिली और कच्चे धागे से पहचान बनी। बाद में खून भरी मांग में उनका विलेन अवतार आज भी याद किया जाता है। लेकिन फिल्मों से इतर उनकी निजी जिंदगी हमेशा चर्चा के केंद्र में रही। कबीर बेदी की पहली शादी मशहूर डांसर प्रोतिमा बेदी से हुई। इस रिश्ते से बेटी पूजा बेदी और बेटा सिद्धार्थ हुए। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला, लेकिन इसी दौर में कबीर बेदी का नाम बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री परवीन बाबी से जुड़ा। यह रिश्ता अपने समय का सबसे ज्यादा चर्चित अफेयर माना गया।

दूसरी और तीसरी शादी: प्यार की नई शुरुआत
पहली शादी टूटने के बाद कबीर बेदी ने ब्रिटिश फैशन डिजाइनर सुसैन हम्फ्रेस से दूसरी शादी की। इसके बाद तीसरी बार उन्होंने टीवी प्रेजेंटर निक्की बेदी के साथ घर बसाया। हर रिश्ता नई उम्मीदों के साथ शुरू हुआ, लेकिन अंत अलगाव पर जाकर रुका।

70 की उम्र में चौथी शादी, जिसने सबको चौंका दिया
कबीर बेदी ने सबसे बड़ा सरप्राइज तब दिया, जब 2016 में अपने 70वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले उन्होंने परवीन दुसांझ से चौथी शादी कर ली। परवीन उनसे करीब 30 साल छोटी हैं और उम्र में उनकी बेटी पूजा बेदी से भी कम हैं। शादी से पहले दोनों करीब 10 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे थे। इस शादी ने एक बार फिर कबीर बेदी को सुर्खियों में ला खड़ा किया।
शादी और शोहरत-दोनों में बराबर चर्चा
आज कबीर बेदी को इटली की टीवी सीरीज सैंडोकन और जेम्स बॉन्ड फिल्म ऑक्टोपसी के लिए दुनियाभर में जाना जाता है, लेकिन उनकी चार शादियां भी उतनी ही चर्चित रहीं। इटली सरकार का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ मेरिट पाने वाले कबीर बेदी आज भी एक ऐसे ग्लोबल आइकन हैं, जिनकी जिंदगी में प्यार और रिश्ते हमेशा केंद्र में रहे।

































