RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की आज यानी 23 दिसंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची जारी होगी। दरअसल, रायपुर जिले के अलावा कोई भी जिला ऐसा नहीं है, जहां करीब पांच लाख मतदाता के नाम काटे जा रहे हों। जिले की सात विधानसभा के 18 लाख 92523 वोटरों में 4 लाख 94485 के नाम नहीं मिले हैं। यानी रायपुर जिले की मतदाता सूची में हर चौथा वोटर बाहर होगा। रायपुर जिले में 79405 मतदाताओं की मृत्यु हो गई है। इन सभी के नाम काट दिए गए हैं। 2,88,222 मतदाता जिले से बाहर चले गए हैं। ये वोटर अपने घरों में मिले ही नहीं। बीएलओ ने इन्हें शिफ्ट बताया है। यानी ऐसे मतदाताओं के नाम भी काटे जाएंगे। इसके अलावा 1291 नाम डुप्लीकेट पाए गए हैं। यानी एक ही नाम दो बार चढ़ गए हैं।

जानकारी के अनुसार 1,12109 मतदाता ऐसे हैं जो अपने घरों में नहीं मिले। वोटर कार्ड में उन्होंने जो पता दिया वे वहां मिले ही नहीं। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी उनका पता नहीं चला है। इस बात की पुख्ता जानकारी है कि ये वोटर किसी दूसरी जगह पर शिफ्ट नहीं हुए हैं। ऐसे में प्रशासन ने इन मतदाताओं को सी कैटेगरी में रखा है। इन सभी वोटरों को नोटिस दी जाएगी। नोटिस का जवाब नहीं देते हैं तो इनके नाम भी सूची से काट दिए जाएंगे।

SIR के पहले चरण का काम पूरा होने के बाद इसी सूची को आयोग की वेबसाइट में अपलोड कर दिया जाएगा। 23 दिसंबर से लोग वोटर हेल्पलाइन और आयोग की वेबसाइट में कार्ड में दर्ज इपिक नंबर से अपना नाम देख सकते हैं। जिनके नाम सूची में नहीं है वे फॉर्म-6 को भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा। आयोग इस सूची को सर्चेबल मोड में अपलोड कर रहा है। इस वजह से कोई भी वोटर अपना या किसी अन्य का नाम ढूंढ सकता है।

इसके अलावा प्रारूप मतदाता सूची की दो प्रतियां (एक फोटो सहित मुद्रित हार्ड कॉपी और एक फोटो रहित सॉफ्ट कॉपी) मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी दी जाएगी। 23 दिसंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद जिन लोगों के नाम सूची में नहीं हैं वे 22 जनवरी तक आपत्ति कर सकते हैं। इसी दौरान सी कैटेगरी के वोटरों को भी संबंधित इलाकों के एसडीएम की ओर से नोटिस दी जाएगी। 14 फरवरी 2026 तक इन नोटिसों और आपत्तियों पर सुनवाई होगी।

इसके अलावा जिन वोटर्स के नाम पिछली SIR में शामिल नहीं थे या जो बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को डॉक्यूमेंट्स नहीं दे पाए थे, उनके नाम अलग से मेंशन होंगे। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का लिंक इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in/ पर दिया जाएगा।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट की लिंक पर क्लिक करके आप अपना नाम देख सकेंगे। लिस्ट सर्चेबल मोड में होगी, जिसमें आप EPIC नंबर (वोटर आईडी नंबर), जिला, विधानसभा क्षेत्र, वार्ड/गांव और बूथ नंबर के जरिए अपना नाम खोज सकेंगे या पूरी सूची डाउनलोड कर सकेंगे। 23 दिसंबर 2025 यानी आज से 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति ली जाएंगी। 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट CEO छत्तीसगढ़ की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।




































