BHILAI NEWS. भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में एक बार आग लग गई। बीएसपी के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन नंबर दो (पीबीएस-2) के गैस पाइपलाइन में आज यानी 12 दिसंबर की दोपहर भीषण आग लग गई। जिस पाइपलाइन में आग लगी है उसे भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस क्रमांक-8 महामाया को गैस की आपूर्ति होती है। राहत की बात यह रही कि आग लगने से लगभग एक घंटे पहले ही वहां काम कर रहे मजदूर ड्यूटी एरिया से बाहर निकल चुके थे। इस वजह से कोई जनहानि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार इस पाइप लाइन से आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई है परंतु आग बुझ नहीं पाई है। आग को बुझाने के लिए अन्य तकनीकों का उपयोग भी किया जा रहा है। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। STG स्टीम टरबाइन जनरेटर के पास अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अभी भी आग बुझाने का काम चल रहा है।

बताया जा रहा है कि ब्लास्ट फर्नेस आठ में धीरे-धीरे उत्पादन को कम किया जा रहा है, जिससे नुकसान कम हो। आग पर काबू पाने के लिए बीएसपी फायर ब्रिगेड का अमला लगा हुआ है। गैस पाइपलाइन जिस स्ट्रक्चर पर लगा हुआ है वह स्ट्रक्चर ना गिरे इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।

फिलहाल आसपास के पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। किसी भी कर्मचारी को आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बीएसपी के अधिकारी सहित सेफ्टी टीम व फायर ब्रिगेड का अमला मौके पर मौजूद है। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही बीएसपी की चार फायर ब्रिगेड टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए त्वरित कार्रवाई की और आग को सीमित दायरे में रोकने के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए। फिलहाल, किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।




































