PANJI NEWS. गोवा के अरपोरा में बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में आधी रात को सिलेंडर ब्लास्ट से भीषण आग लग गई। धुएं के गुबार से बेसमेंट में फंसे लोग भागे, लेकिन 20 की सांसें वहीं थम गईं। तीन लोग जिंदा जल गए और कुल 25 ने दम तोड़ा। ज्यादातर मृतक क्लब कर्मचारी थे, चार पर्यटक भी शिकार हुए।

हादसे का पूरा ब्योरा
रात करीब 12 बजकर 4 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम को आग की खबर मिली। किचन में ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैली और बेसमेंट भर गया धुएं से। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अफरा-तफरी में लोग बाहर भागने की बजाय नीचे की ओर दौड़े, जहां हवा का रास्ता नहीं था।
फायर ब्रिगेड, पुलिस और एम्बुलेंस पहुंचीं, कई घंटे चला रेस्क्यू। सात घायलों का इलाज चल रहा है। सीएम प्रमोद सावंत ने घटनास्थल जाकर कहा कि क्लब ने फायर सेफ्टी नियम तोड़े थे।

नेताओं की प्रतिक्रिया
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हादसे को राज्य के लिए बेहद दुखद और चिंताजनक बताया और कहां कि क्लब ने फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन किया। उन्होंने मामले की तहकीकात के आदेश दिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही।
विधायक माइकल लोबो ने इसे दर्दनाक बताया और सभी क्लबों के सेफ्टी ऑडिट की मांग की। पीएम मोदी ने शोक जताया, पीड़ितों के परिजनों को दो लाख राहत की घोषणा की। डीजीपी आलोक कुमार ने पुष्टि की कि ज्यादातर मौतें दम घुटने से हुईं। मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। क्लब मालिक और मैनेजर पर केस दर्ज, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने कही ये बात
पुलिस के डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि अब तक 25 लोगों की मौत हुई है, जिनमें चार पर्यटक और 14 क्लब कर्मचारी हैं। ज्यादातर लोगों की मौत दम घुटने की वजह से हुई है। आग लगने के कारणों की जांच पुलिस और फायर विभाग कर रहे हैं।

घटना के बाद गोवा पुलिस ने नाइट क्लब के मालिक और मैनेजर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे क्षेत्र में सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।


































