BIJAPUR NEWS. नक्सलवाद खात्मे में जुटी फोर्स एक और बड़ी सफलता मिली है। दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। 4 से ज्यादा और नक्सली मारे गए हैं। सुरक्षाबलों ने 4 माओवादियों के शव मिले हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि DIG कमलोचन कश्यप ने की है। यहीं 3 दिसंबर को 12 नक्सलियों का एनकाउंटर हुआ था। शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें डिविजनल कमेटी मेंबर (DVCM) वेल्ला मोडियम भी शामिल है। मारे गए नक्सलियों से LMG, इंसास और SLR जैसे आधुनिक हथियार बरामद हुए हैं।

इस मुठभेड़ में DRG के 3 जवान शहीद और 2 जवान घायल हो गए हैं। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि शहीद जवानों में हेड कॉन्स्टेबल मोनू वडारी, हेड कॉन्स्टेबल रमेश सोड़ी और कॉन्स्टेबल दुकारू गोंडे शामिल हैं। बीजापुर पुलिस लाइन में तीनों शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। बता दें कि DRG, STF, COBRA और CRPF की जॉइंट टीम बुधवार सुबह करीब 9 बजे बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर के वेस्ट बस्तर डिवीजन में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी।

इसी दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में कई नक्सली ढेर हुए। गंगालूर थाना क्षेत्र के जंगलों में जवानों की टीम लगातार सर्चिंग कर रही है। आईजी के मुताबिक जवानों ने एनकाउंटर वाली जगह से SLR राइफल, 303 राइफल और गोला-बारूद भी बरामद किया है। मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। मौके पर सर्चिंग जारी है। इलाके को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बैकअप पार्टी भी भेजी गई है। ऑपरेशन अभी भी जारी है, इसलिए डिटेल्स शेयर नहीं की जा सकतीं। ऑपरेशन पूरा होने के बाद डिटेल्ड अपडेट जारी किया जाएगा।

बिलासपुर के अटल बिहारी बाजपेई विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में शमिल होने के लिए रायपुर रवाना होने से पहले सीएम विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। बीजापुर में हुई नक्सली मुठभेड़ में जवानों की शहादत और ऑपरेशन में मिली सफलता पर सीएम कहा कि लगातार ऑपरेशन हो रहे हैं, हमारे जवान मजबूती के साथ नक्सलवाद के खिलाफ लड़ रहे हैं। ऑपरेशन में DRG के तीन जवान शहीद हुए हैं। हम उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, उनके साहस को नमन करते हैं और उनके परिवार को इस शोक को सहने की भगवान शक्ति प्रदान करें ऐसी प्रार्थना करते हैं।

वहीं, प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद अब अपनी आखिरी सांसें ले रहा है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बीजापुर में ऑपरेशन के दौरान 16 नक्सली मारे गए हैं। बहादुर जवानों ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। हमने तीन जवानों को खोया, नक्सलियों की यह कायराना हरकत है। जवानों की शहादत को जाया जाने नहीं देंगे।


































