नई दिल्ली। LPG Cylinder Booking को लेकर केंद्र सरकार ने ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में LPG सिलेंडर की रिफिल बुकिंग के बीच का अंतर 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दिया है। यानी अब एक सिलेंडर बुक करने के 25 दिन बाद उपभोक्ता अगला रिफिल बुक कर सकेंगे। केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने इस बदलाव की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को नए नियम को तत्काल लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

गांवों में भी अब 25 दिन का बुकिंग गैप
नए नियम के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में LPG रिफिल बुकिंग का अंतर समान हो जाएगा। इससे ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में जल्दी सिलेंडर बुक करने की सुविधा मिलेगी। दरअसल, खाड़ी युद्ध और मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण LPG सप्लाई पर दबाव बढ़ गया था। इसी वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर की दोबारा बुकिंग की समयसीमा बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई थी। अब सप्लाई की स्थिति में सुधार के बाद सरकार ने यह समयसीमा फिर घटा दी है।

कमर्शियल सिलेंडर भी हुआ सस्ता
LPG सप्लाई से जुड़े संकट के बीच कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी राहत देखने को मिली है। सितंबर में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 9.50 रुपये से 11.50 रुपये तक घटाई गई।

इससे पहले अगस्त में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 192 से 209 रुपये तक की कटौती की गई थी।जुलाई में भी कीमतें 183 रुपये तक कम हुई थीं। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के एक बड़े हिस्से के लिए आयात पर निर्भर है। LPG सप्लाई में सुधार के साथ सरकार और तेल कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को राहत देने वाले कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।






































