PRADEEP RAWAT PASSES AWAY. हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रदीप रावत का मंगलवार को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर कलाकार और फैंस उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

प्रदीप रावत ने अपने लंबे अभिनय करियर में हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई। खासतौर पर ‘लगान’ और ‘गजनी’ में निभाए गए उनके किरदार आज भी दर्शकों के बीच याद किए जाते हैं।

कैंसर से जूझ रहे थे प्रदीप रावत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने उनके निधन की पुष्टि की है। बताया गया कि अभिनेता कैंसर से पीड़ित थे और बीमारी दोबारा लौट आई थी। पिछले एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

यशपाल शर्मा ने दी निधन की जानकारी
प्रदीप रावत के निधन की जानकारी अभिनेता यशपाल शर्मा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए साझा की। उन्होंने लिखा, “प्रदीप रावत… हमारे ‘गजनी’ और ‘लगान’ के देवा… रेस्ट इन पीस।”
इस पोस्ट के बाद फिल्म जगत और उनके चाहने वालों ने सोशल मीडिया पर अभिनेता को श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया।

टीवी से फिल्मों तक का शानदार सफर
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर की थी। इसके बाद उन्होंने 1985 में फिल्म ‘ऐतबार’ से बॉलीवुड में कदम रखा।

उन्होंने ‘मेरी जंग’, ‘समुंदर’, ‘काश’, ‘सरफरोश’, ‘लगान’, ‘गजनी’, ‘आवारापन’, ‘ग्रैंड मस्ती’, ‘बैजू बावरा’ समेत कई फिल्मों में यादगार अभिनय किया। उनकी आखिरी हिंदी फिल्म ‘छावा’ थी, जिसमें उन्होंने येसाजी कंक का किरदार निभाया था।
दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी बनाया खास मुकाम
हिंदी सिनेमा के अलावा प्रदीप रावत ने तेलुगु, तमिल और अन्य दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी कई प्रभावशाली भूमिकाएं निभाईं। तेलुगु फिल्म ‘Sye’ से उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बनाई। वहीं, तमिल फिल्म ‘गजनी’ (2005) और उसके हिंदी रीमेक में उनके विलेन के किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा।
प्रदीप रावत अपने सशक्त अभिनय, प्रभावशाली व्यक्तित्व और खलनायक के यादगार किरदारों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक अनुभवी और प्रतिभाशाली अभिनेता को खो दिया है। उनकी फिल्मों और अभिनय के जरिए वे हमेशा दर्शकों के दिलों में जीवित रहेंगे।




































