KANKER NEWS. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक सरकारी स्कूल के गणित शिक्षक पर 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को अश्लील मैसेज और वीडियो भेजने तथा उससे आपत्तिजनक फोटो-वीडियो मांगने का आरोप लगा है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को ऐसा नहीं करने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी भी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक आशीष मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।

एक्स्ट्रा क्लास के बहाने लिया मोबाइल नंबर
मामला बांदे थाना क्षेत्र के मरोड़ा गांव का है। पुलिस के मुताबिक करीब 30 वर्षीय आशीष मंडल मरोड़ा के हायर सेकेंडरी स्कूल में गणित शिक्षक था और पिछले करीब 10 वर्षों से इसी स्कूल में पदस्थ था।
बताया गया कि 16 अगस्त को शिक्षक ने छात्रों की एक्स्ट्रा मैथ्स क्लास ली थी। इसी दौरान उसने 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा का मोबाइल नंबर लिया। आरोप है कि इसके बाद वह छात्रा को लगातार मैसेज करने लगा और कुछ समय बाद अश्लील मैसेज व वीडियो भेजने लगा।

आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भेजने का बनाया दबाव
पुलिस के अनुसार, आरोपी शिक्षक छात्रा पर अपने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजने का दबाव बना रहा था। छात्रा के इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उस पर मानसिक दबाव बनाया और परीक्षा में फेल करने की धमकी दी।
लगातार दबाव से परेशान छात्रा ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद छात्रा की मां ने 20 अगस्त को बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी शिक्षक की पहचान आशीष मंडल, निवासी पी.व्ही.-40 पुरुषोत्तम नगर के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

POCSO और IT एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस
बांदे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 75, POCSO एक्ट की धारा 12 और IT एक्ट की धारा 67(A) के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता नाबालिग होने के कारण मामले में POCSO एक्ट के प्रावधान लागू किए गए हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इसके बाद आरोपी शिक्षक को जिला जेल कांकेर भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।






































