RAIPUR NEWS. स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के CMD डॉ. अशोक कुमार पंडा ने छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। बैठक में भिलाई इस्पात संयंत्र के आगामी विस्तार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। CMD ने संयंत्र विस्तार के लिए राज्य सरकार से आवश्यक सहयोग मांगा। डॉ. पंडा ने प्रवास के दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र की रावघाट खदानों का दौरा किया और वहां चल रही खनन गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रावघाट क्षेत्र में पूर्ण क्षमता के साथ खनन संचालन जल्द शुरू करने की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने दल्ली राजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना में भी तेजी लाने की आवश्यकता बताई। यह परियोजना रावघाट क्षेत्र से लौह अयस्क की आवाजाही और खनन गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है। दौरे के दौरान SAIL की ERP आधुनिकीकरण पहल ‘प्रोजेक्ट विहान’ का उद्घाटन भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य कंपनी की कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक और डिजिटल सिस्टम को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर बीएसपी के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। CMD ने रायपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन एवं जलवायु परिवर्तन) मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव एवं वित्त सचिव मुकेश कुमार बंसल से भी मुलाकात की। इन बैठकों में संयंत्र और रावघाट परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

बीएसपी के प्रदर्शन की भी समीक्षा
समीक्षा बैठक में डॉ. पंडा ने सेल-बीएसपी के शीर्ष प्रबंधन के साथ संयंत्र के प्रदर्शन और प्रमुख गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र के समग्र प्रदर्शन के साथ रावघाट माइंस परियोजना की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की।



































