LAKHISARAY NEWS. बिहार के लखीसराय जिले में सोमवार सुबह इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोक धाम के पास बड़ा हादसा हो गया। सावन के मौके पर मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई, जिसमें 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं। शुरुआत में हादसे की वजह 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के गिरने और करंट लगने को बताया जा रहा था। लेकिन लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि मौतें करंट लगने से नहीं, बल्कि भगदड़ में दबने के कारण हुई हैं।

प्रशासन के मुताबिक घटना अशोक धाम हाल्ट के पास हुई। बताया जा रहा है कि एक ही समय में हाल्ट के दोनों तरफ से ट्रेनें आ गईं। ट्रेनों को देखकर वहां मौजूद कुछ युवकों में अचानक भाग-दौड़ शुरू हो गई। इसी दौरान बिजली का एक पोल गिर गया। पोल गिरने के बाद मौके पर करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई। अफवाह सुनते ही श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रशासन की शुरुआती जांच के मुताबिक जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त बिजली की आपूर्ति बंद थी। बिजली के तार को भी कवर किया गया था। इसके बावजूद पोल गिरने और करंट की अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में डर का माहौल बन गया।

अचानक मची भगदड़ में कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। इसी दौरान दबने से 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। लखीसराय डीएम ने मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

पहले करंट से मौत की सामने आई थी जानकारी
हादसे के तुरंत बाद 11 हजार वोल्ट के तार के गिरने और करंट लगने की वजह से लोगों के हताहत होने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों की प्रेस वार्ता के बाद हादसे की मुख्य वजह भगदड़ बताई गई है।



































