RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मोवा स्थित ऑरेंज काउंटी निवासी महिला की शादी 26 मई 2023 को पश्चिम बंगाल के आसनसोल निवासी बिनीत माखरिया से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी।

बताया गया कि दोनों का यह दूसरा विवाह था। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही पति, सास और ससुर ने मायके से दहेज और व्यवसाय शुरू करने के लिए पैसे लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मानसिक प्रताड़ना और कई बार मारपीट की गई।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि गर्भावस्था के दौरान पति ने दबाव बनाकर उसका गर्भपात कराया, जिससे उसकी तबीयत गंभीर रूप से प्रभावित हुई। पीड़िता के अनुसार, फरवरी 2024 में स्वास्थ्य खराब होने पर उसे मायके भेज दिया गया। इसके बाद जब वह वापस ससुराल पहुंची तो कथित रूप से प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।

महिला का यह भी आरोप है कि उसके जेवर, नकदी और अन्य स्त्रीधन पर ससुराल पक्ष ने कब्जा कर रखा है और उसे वापस नहीं किया जा रहा। महिला ने शिकायत में बताया कि 26 जनवरी 2025 के बाद से उसे ससुराल वापस नहीं बुलाया गया। साथ ही, ससुराल पक्ष ने उससे संपर्क भी लगभग समाप्त कर दिया।

फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






































