RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। राज्य शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने तीन पुलिस उपायुक्त (DCP) स्तर के अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने चार थाना प्रभारियों की नई पदस्थापना का आदेश भी जारी किया है। सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार तारकेश्वर पटेल को पुलिस उपायुक्त (DCP), सेंट्रल जोन, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, जोन मध्य के पद पर कार्यरत थे। दीपमाला कश्यप को DCP नॉर्थ जोन, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दीपमाला इससे पहले बिलासपुर में विशेष शाखा की पुलिस अधीक्षक के पद पर थीं।

अर्चना झा को DCP ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट बनाया गया है। वे पहले अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (हेडक्वार्टर, प्रशिक्षण, डीसीबी एवं एसीसीयू) के पद पर पदस्थ थीं। दूसरी ओर, डीसीपी स्तर पर हुए बदलाव के बाद रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने निरीक्षकों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार को थाना प्रभारी कोतवाली के साथ एसीसीयू (क्राइम ब्रांच) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। निरीक्षक राजेश सिंह को थाना प्रभारी आजाद चौक बनाया गया है। निरीक्षक पारसराम पटेल को थाना प्रभारी सरस्वती नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षक नरेंद्र साहू को थाना प्रभारी गुढ़ियारी नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में यह फेरबदल कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। नए अधिकारियों के कार्यभार संभालने के साथ ही राजधानी की पुलिस व्यवस्था में नई रणनीति और कार्यशैली देखने को मिल सकती है।






































