PENDRA NEWS गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले के पेंड्रा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा राय पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर में स्कूटी के उड़े परखच्चे
जानकारी के मुताबिक, कुडकई गांव निवासी तेरस भरिया अपने परिवार के साथ स्कूटी से पेंड्रा आ रहे थे। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर एक वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में कोयले से भरे ट्रेलर ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में तेरस भरिया और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ा, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और राहत टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, लोगों ने ट्रेलर को शिशु मंदिर के पास रोक लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग फिर तेज
इस हादसे के बाद पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास नहीं बनने के कारण भारी वाहन शहर के बीच से गुजरते हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग को लेकर जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नेतृत्व में 10 जुलाई से क्रमिक भूख हड़ताल और जनआंदोलन जारी है। प्रदर्शनकारी वर्षों पहले स्वीकृत 13 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण जल्द शुरू करने की मांग कर रहे हैं।

विधानसभा में भी उठा बाईपास का मुद्दा
पेंड्रा बाईपास का मामला छत्तीसगढ़ विधानसभा तक पहुंच चुका है। तखतपुर विधायक ठाकुर धरमजीत सिंह ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जल्द हस्तक्षेप की मांग की। लगातार हो रहे हादसों और बढ़ते जनदबाव के बीच अब लोगों की नजर सरकार के फैसले पर है। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि पेंड्रा बाईपास का निर्माण जल्द शुरू होगा और शहर को भारी वाहनों के दबाव से राहत मिलेगी।






































