LUCKNOW NEWS : लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में भोजपुरी फिल्म अभिनेता और निर्देशक की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दोनों युवकों को कुचल दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कुशीनगर के तुरपट्टी निवासी 26 वर्षीय रोहित शर्मा अपने परिवार के साथ लखनऊ के चिनहट इलाके में रहते थे। वह भोजपुरी फिल्मों में अभिनय और निर्देशन के साथ-साथ आईटीआई द्वितीय वर्ष के छात्र भी थे। सोमवार को वह अपने दोस्त शोभित के साथ मलिहाबाद में एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में गए थे।

रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने मारी टक्कर
मंगलवार सुबह करीब 4 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टेढ़ी पुलिया से मुंशीपुलिया की ओर जाते समय रिंग रोड स्थित एक टीवीएस शोरूम के पास डिवाइडर तोड़कर रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि रोहित का हेलमेट टूट गया और उनके सिर व पैरों में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रोहित शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं शोभित का अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज जारी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के छोटे भाई मंजेश ने बताया कि रोहित परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को संभालने के लिए कुछ समय से निर्देशन का काम छोड़ चुके थे। हाल ही में उन्हें दोबारा फिल्मी प्रोजेक्ट मिला था और वह इसे लेकर काफी उत्साहित थे। रोहित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां गायत्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
G
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
पुलिस का कहना है कि हादसे में शामिल ट्रक और उसके चालक की पहचान कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





































